
सरकार बनी तो हर परिवार से एक बेटे व बेटी को देंगे नौकरी: शिवपाल
-
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) की सामाजिक परिवर्तन यात्रा पहुंची कौशाम्बी
-
पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कोड़र में किया भव्य स्वागत
कौशाम्बी
भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। एक भी वादा पूरा नहीं किया। किसान, गरीब, मजदूर सहित छोटे-छोटे काम करने वाले लोग दुःखी है। कारोबार बंद हो रहा है। व्यापारियों ने भाजपा को सत्ता में लाने के लिए सहयोग किया, वह भी दुःखी हैं। यह बातें बृहस्पतिवार को मुख्यालय से सटे कोड़र गांव के समीप आयोजित प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कही।
सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा के साथ में बृहस्पतिवार दोपहर बाद कोड़र पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव और राष्ट्रीय महासचिव आदित्य सिंह यादव का जोरदार स्वागत हुआ। जिलाध्यक्ष बुधराम यादव ने फूलमाला एवं शशिभूषण द्विवेदी उर्फ बालम महाराज ने सोने की जंजीर पहनाकर उनका स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने करीब 25 मिनट के भाषण में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 12 अक्टूबर को सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा मथुरा के वृंदावन से चली थी। इसका समापन श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या में होगा। रथ यात्रा का उद्देश्य सामाजिक परिवर्तन करना है। कहा प्रदेश में ही नहीं देश भर में किसान, नौजवान, मजदूर, मजलूम, महिलाएं, व्यापारी सभी वर्ग के लोग भाजपा सरकार से परेशान है। सरकार की गलत निर्णयों का खामियाजा सभी को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा ने चुनाव में जनता से जो वादे किए थे उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने मंच से सवाल किया कि क्या काला धान वापस आया, क्या 15 लाख रुपए आपके खाते में पहुंचे, भ्रष्टाचार व रिश्वत खोरी खत्म हुई, क्या किसानों की आय दोगुनी हुई? कहा कि किसान व आम जनता महंगाई से कराह रहा है। भला तो सिर्फ चंद पूंजीपतियों का हुआ है। भाजपा सरकार के पहले घरेलू गैस सिलेंडर चार सौ का था, अब एक हजार में है। पेट्रोल पांच वर्ष पहले 65 रुपए था, अब 100 के पार पहुंच गया है। अब जनता को एकजुट हो जाना चाहिए। सत्ता परिवर्तन बेहद जरूरी है। भाजपा ने तो सिर्फ वादा किया है, लेकिन हम कहते हैं कि यदि प्रसपा की सरकार बनी तो हर परिवार से एक बेटे व बेटी को नौकरी मिलेगी। स्नातक पास का प्रमाण पत्र मिलते ही उनके बैंक खातों में पांच-पांच लाख रूपए भेजे जाएंगें। ताकि उन्हें रोजगार स्थापित करने में कोई समस्या न हो। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुंदर सिंह लोधी, बालम महाराज, खड़ग सिंह पटेल, नितिन चौधरी, नीलेश श्रीवास्तव, महेंद्र लोधी, दीप नारायण आदि ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
162 total views