
अधिकारियों,कर्मचारियों को शासन के आदेशों का नहीं है कोई भय
शनिवार की सुबह 9 बजकर 50 मिनट तक नहीं खुला कार्यालय का ताला।
हलधरमऊ में अधिकारियों, कर्मचारियों का इंतजार करते दिखे फरियादी
संवाददाता वहीदुल्लाह चौधरी गोंडा
कर्नलगंज/हलधरमऊ। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सीएम योगी के निर्देशानुसार राजपत्रित अधिकारियों को सुबह के 9:00 बजे से जन सुनवाई के लिए अपने कार्यालय में उपस्थित रहना होता है। लेकिन, ब्लॉक मुख्यालय में सरकार के आदेश को दरकिनार किया जा रहा है। शनिवार सुबह पौने दस बजे तक कार्यालय का ताला बंद मिला।
हलधरमऊ खंड विकास कार्यालय में 9:45 बजे पहुंची मीडिया टीम ने ब्लॉक मुख्यालय का जायजा लिया तो पाया कि खंड विकास अधिकारी व अन्य जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी भी पौने दस बजे तक अपने कार्यालय से नदारद रहे। जबकि सरकार द्वारा सख्त निर्देश है कि सभी अधिकारियों को जनसुनवाई के लिए अपने कार्यालय में सुबह 9 बजे से मौजूद रहना है। जबकि समस्याओं को लेकर खंड विकास अधिकारी के इंतजार में शिकायतकर्ता ब्लॉक परिसर में घूमते नजर आए। ऐसे में जब विभाग का मुखिया ही नदारद मिला तो अन्य कर्मचारियों के मौजूदगी का प्रश्न ही नहीं उठता है। इसके उपरांत ब्लॉक परिसर में मौजूद अन्य कार्यालय का जायजा लिया गया तो वहां भी ताला लटकता मिला। यही नहीं यहाँ सुबह के 10 बजे तक कोई भी अधिकारी जनता की शिकायतें सुनने के लिए मौजूद नहीं था। वहीं मीडिया की पड़ताल की भनक लगते ही ब्लॉक में हड़कंप मच गया। थोड़ी देर के बाद ब्लॉक के कुछ कर्मचारी पहुंचकर हड़बड़ी में ताला खोलते नजर आए जो मीडिया कर्मियों के कैमरे से बचने की कोशिश करते रहे। पड़ताल में ये तो जाहिर हो गया कि अधिकारी व कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों से दूर भाग रहे हैं।और उन्हें शासन एवं उच्चाधिकारियों का कोई भय नहीं है। प्रदेश के मुखिया के आदेशों का उल्लंघन करना तो कोई हलधरमऊ खंड विकास कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों से पूछे। इस दौरान शिकायतकर्ता परिसर में घूमते नजर आये। बताते चलें कि यदि यही हाल हर विभाग के अधिकारियों का रहता है तो फरियादी किससे फरियाद करें। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी से कार्यालय का ताला बंद होने और उनके मौजूद ना होने के क्रम में दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका।