
मऊ
जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में धान खरीद की अद्यतन स्थिति के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रवार एवं मिलवार धान क्रय की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान डिप्टी आर.एम.ओ. विपुल सिन्हा ने बताया कि जनपद में 50 धान क्रय केंद्र संचालित है।वर्तमान में सभी केंद्रों पर धान का क्रय किया जा रहा है,परंतु पी.सी.एफ. द्वारा संचालित कुछ क्रय केंद्रों पर नियमित धान खरीद ना होने के कारण वांछित परिणाम नहीं मिल पा रहे हैं। पी.सी.एफ. द्वारा संचालित धान क्रय केंद्रों के नियमित संचालन ना होने पर जिलाधिकारी ने पी.सी.एफ. के जिला प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए अगले दो-तीन दिनों में स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने तहसील क्षेत्र के कम से कम 5 क्रय केंद्रों की जांच करने को भी कहा, साथ ही क्रय केंद्रों पर अनियमितता पाए जाने पर नोडल अधिकारियों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कराने के भी निर्देश दिए। पी.सी.एफ. द्वारा संचालित धान क्रय केंद्रों पर धान प्रेक्षण की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने जिला प्रबंधक को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवहन के साधनों को बढ़ाते हुए इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राइस मिलों को समय से सी.एम.आर. जमा करने के साथ ही प्रतिदिन क्षमता के अनुसार मिल संचालन के भी निर्देश दिए।अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने राइस मिल मालिकों को 1 सप्ताह के अंदर सी.एम.आर.के संप्रदान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राइस मिलो के प्रतिदिन की कुटाई क्षमता के सापेक्ष वर्तमान में प्रतिदिन की औसत धान कुटाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश डिप्टी आर.एम.ओ. को दिए। इसके अलावा जो मिल पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
बैठक के दौरान अपर जिला अधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, डिप्टी आरएमओ विपुल सिन्हा, पीसीएफ के जिला प्रबंधक सहित अन्य सभी अधिकारी एवं राइस मिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे
12 total views