
बिहार के वैशाली में एक महिला ने अपनी ही नातिन को जहर खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। फिर उसने खुद भी जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। महिला का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। जहां उसकी नाजुक स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने नातिन के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्ची आठ साल की है। उसकी मां का देहांत छह साल पहले हो गया था। उसके बाद बच्ची को नानी अपने घर पर रखती थी। वहीं, बच्ची के पिता की दिमागी हालत ठीक नहीं बताई जा रही है। इस वजह से बच्ची अपनी नानी के घर पर रहती थी।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची की नानी पर कर्ज था। लगातार तकादे से तंग आकर उसने नातिन के साथ आत्महत्या करने का फैसला किया। इसके बाद घर में ही जहर खा लिया। इसके बाद बच्ची की मौत हो गई और उसकी नानी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
बलिराम महतो ने बताया कि पहले महिला ने जहर खाया। उसके बाद अपनी नातिन को भी खिला दिया। इससे नातिन की मौत हो गई है। हम लोगों को कारण नहीं पता है कि क्यों जहर खाया है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करा दिया गया है। हम बिदुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से इलाज के लिए हाजीपुर लाए हैं। पूरी घटना मुस्तफापुर गांव की है। महिला के घर में कोई नहीं है।
1,791 total views