
उन्नाव जिला अस्पताल में दो दिन पहले भर्ती हुई महिला बंदी सुरक्षा में लगे जेल कर्मियों को चकमा देकर भाग निकली। वह पति की हत्या में बंद है। महिला की तलाश के लिए दो टीमें लगा दी गई हैं। बारसगवर थाना क्षेत्र के रामननखेड़ा में साल 2015 में चंद्रपाल की उसकी ही पत्नी अनीता (28) ने हत्या कर दी थी।
पति की हत्या में उसे जेल हुई थी तब से वह सजा काट रही है। छह सितंबर को पेट में दर्द और उल्टी शुरू होने पर उसे जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसकी सुरक्षा में जेल वार्डन राजेंद्र प्रसाद और महिला कांस्टेबल प्रियंका की ड्यूटी लगाई गई थी। शुक्रवार सुबह अनीता लघुशंका के बहाने गई और वापस नहीं आई।
उसकी काफी देर तक तलाश के बाद, जब कहीं पता ना चला तो जेल वार्डन ने अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस गिरफ्तारी के लिए गांव और दूसरी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जेल अधीक्षक राम शिरोमणि यादव ने बताया कि जिला अस्पताल से महिला बंदी भागी है। गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगा दी गई हैं।
408 total views