- विशाल वर्मा ने प्रथम, प्रदीप कुमार ने द्वितीय और आलोक कुमार राजभर ने तृतीय स्थान हासिल किया
बभनान, गोंडा।
हीरो एजेंसी बभनान के तत्वावधान में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को ग्रामीण मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लगभग 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हीरो एजेंसी के प्रबंधक फिरोज अहमद ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ दौड़ लगाई।

मैराथन में अयोध्या के विशाल वर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। अमेठी के प्रदीप कुमार द्वितीय तथा बस्ती जिले के वाल्टरगंज निवासी आलोक कुमार राजभर तृतीय स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खोड़ारे थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।
इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने खिलाड़ियों को खेल के महत्व और उससे जुड़ी जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने खेलों को युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के आयोजक एवं हीरो एजेंसी बभनान के प्रबंधक फिरोज अहमद ने बताया कि इस वर्ष मिनी मैराथन का पहला आयोजन किया गया है, जिसे छोटे स्तर पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में इस कार्यक्रम को और भव्य रूप दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जुड़ने का अवसर मिल सके।

कार्यक्रम में शोभनाथ पांडेय, कैप्टन सत्यदेव तिवारी, अशोक कुमार पांडेय, शमशेर बहादुर सिंह, जितेंद्र कुमार पांडेय, योगेंद्र मणि तिवारी, विनोद कुमार जायसवाल, महमूद अहमद खां, कल्लू प्रधान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

More Stories
जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामला: रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद आजम खां गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
शरद पूर्णिमा मेले में खस्ता-चाट खाने से 17 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, दुकानदार पर केस
अयोध्या घूमने के लिए रची खुद के अपहरण की झूठी साजिश, तीन गिरफ्तार