October 17, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

टेढ़ी नदी में डूबे युवक का दूसरे दिन भी नहीं चला पता, एसडीआरएफ का 8 घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन रहा बेअसर


कटरा बाजार (गोंडा)
चंदवतपुर में टेढ़ी नदी के पुल के पास बृहस्पतिवार को नहाने के दौरान तेज बहाव में डूबे युवक की तलाश शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाई गई एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने शुक्रवार को करीब आठ घंटे तक नदी में सघन खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन डूबे युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के पिपरा पदुम गांव का रहने वाला पुत्तन (30) बृहस्पतिवार को टेढ़ी नदी में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह पानी की तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद बृहस्पतिवार देर रात तक स्थानीय गोताखोरों और पुलिस की टीम ने युवक को तलाशने का काफी प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की मौजूदगी में एसडीआरएफ की टीम ने कमान संभाली। टीम ने मोटर बोट की मदद से नदी की लहरों के बीच दिनभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घंटों की मशक्कत के बावजूद शुक्रवार शाम तक पुत्तन का कुछ पता नहीं चल सका। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। शुक्रवार को सफलता नहीं मिलने के बाद अब शनिवार को भी रेस्क्यू टीम को खोजबीन के लिए लगाया जाएगा।
सपा नेता ने परिजनों को बंधाया ढांढस, सरकार को घेरा
हादसे की सूचना मिलने के बाद सपा नेता सूरज सिंह ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने लापता पुत्तन के बड़े भाई शंकर दयाल को ढांढस बंधाया और सांत्वना दी। इस दौरान सपा नेता ने स्थानीय प्रशासन और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में सरकार यहां सुरक्षित पुल का निर्माण नहीं करवा पाई है। सरकार की इसी नाकामी और लचर व्यवस्था के कारण आए दिन कोई न कोई मासूम या युवक इस नदी में डूबकर अपनी जान गंवा देता है।