February 24, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

आग से दो गोवंश की मौत, चार झुलसे

Two cattle died in fire, four got burnt
पसका। बहुवन मदार माझा के ठेकेदार पुरवा में शनिवार शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना में दो गोवंश की मौत हो गई, जबकि चार झुलस गए। आग से एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

पीड़ित नंदलाल ने बताया कि उसके तीन भाइयों के छप्पर एक-दूसरे से सटे थे। उनमें करीब 20 मवेशी बंधे थे। वह पशुओं के लिए चारा लाने खेत गए थे, तभी आग लग गई। ग्रामीणों ने दमकल टीम की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। कुछ पशु रस्सी तोड़कर बाहर निकल आए, जबकि नौ मवेशी झुलस गए। इनमें से दो बछिया की मौके पर ही मौत हो गई। दो भैंस, एक पड़िया समेत चार पशुओं की हालत गंभीर है।

लपटों की चपेट में आकर नंदलाल की बाइक, साइकिल, मोबाइल, भूसा और अनाज सहित घर का काफी सामान जल गया। पड़ोस की कुसुम और मायावती के घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर भी चपेट में आ गया। तहसीलदार अतुल कुमार पाल व लेखपाल राहुल दुबे ने क्षति का आकलन किया। लेखपाल ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। (संवाद)