
भाटपार रानी। सीएमओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता शनिवार को पीएचसी भाटपाररानी और सीएचसी जसुई का डेढ़ घंटे तक निरीक्षण किया। सीएचसी जसुई में तैनात चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार अनुपस्थित मिले। वहां फर्मासिस्ट ही मरीजों का उपचार कर रहा था। अस्पताल में निरीक्षण के दौरान काफी दुर्व्यवस्था मिली।
सीएमओ डॉ. राजेश कुमार महामारी विशेषज्ञ रविशंकर ओझा के साथ दोपहर 12:00 बजे भाटपार रानी पीएचसी पर पहुंचे। उन्होंने पहले आयुष्मान कक्ष में पहुंचकर जानकारी ली। कार्ड बनवाने पहुंची रीता देवी से बात की। वहां मौजूद रिकॉर्ड के रखरखाव, उन पर धूल देख नाराजगी जताई। साफ-सफाई और सुव्यवस्थित ढंग से रखने का निर्देश दिया। वहां से आउटडोर में पर्ची बनाने के दौरान लगी भीड़ को देखकर वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मी को कतार बनाकर पर्ची बनाने का निर्देश दिया। ओपीडी में बैठे चिकित्सक डॉ. मुरारी राय से जानकारी लेने के बाद इसीटी वार्ड का निरीक्षण किया और वहां लगे ऑक्सीजन आदि के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वे पैथालॉजी वाले कमरे में पहुंचे। वहां से लेबर रूम में मौजूद महिलाओं से दवा इलाज आदि के बारे में पूछा। प्रसव के दौरान कचरा आदि के रख रखाव और बाथरूम में गंदगी देख नाराजगी जताते हुए वहां सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने डिजिटल एक्स-रे मशीन को देखा।
पीएचसी का निरीक्षण करने के बाद सीएमओ वहां से दो किमी दूर सीएचसी जसुई पहुंचे। वहां डॉ. अनूप कुमार अनुपस्थित मिले। उस समय तक मात्र चार रोगी पहुंचे थे। फार्मासिस्ट संजय कुमार मरीजों की जांच कर दवा वितरित कर रहे थे। सीएमओ ने वहां आईसीटीसी रूम, ओटी रूम, महिला वार्ड, प्रसव कक्ष आदि का निरीक्षण किया। जांच वाले कमरों में ताला बंद था। एक्सरे मशीन पर भी धूल की मोटी परत जमा थी। इसके अलावा दीवारों पर भी गंदगी दिखी।
सीएमओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वे सीएचसी जसुई की दुर्व्यवस्था पर आश्चर्यजनक है। जो अनुपस्थित हैं उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी। वे इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। इसके लिए स्थिति की वीडियो भी बनाई गई है।
