February 27, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

अप्रैल से स्मार्ट वॉच से होगी सफाई व्यवस्था की निगरानी, सफाईकर्मियों का बीट चार्ट होगा ऑनलाइन

sanitation system will be monitored through smart watches From April in varanasi

वाराणसी में अप्रैल माह से सफाई व्यवस्था की निगरानी स्मार्ट वॉच से की जाएगी। नगर निगम की ओर से इसकी कार्ययोजना बनाई गई है। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन 100 प्रतिशत करने की दिशा में नगर निगम अग्रसर है। सफाई और सफाईकर्मियों की निगरानी के लिए एक विशेष प्रकार की घड़ी सफाईकर्मियों को देने की योजना है, जो जीपीएस से कनेक्ट होगी। इससे सफाई और सफाईकर्मी दोनों पर नजर रखी जाएगी।

अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने स्मार्ट वॉच के साथ-साथ सभी इंस्पेक्टरों, सुपरवाइजरों और सफाई कर्मियों का बीट चार्ट बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यह बीट चार्ट ऑनलाइन किया जाएगा। बीट चार्ट निगम की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा ताकि कोई भी नागरिक अपने इलाके के इंस्पेक्टरों, सुपरवाइजरों और सफाई कर्मियों का नाम आसानी से जान सके। इससे सफाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।

इसके तहत 300 से 500 मीटर की परिधि में दो सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही बीट चार्ट को पूरी तरह से डिजिटल करने का निर्णय लिया गया है। जोन 100 वार्डों में सफाई कार्य करेंगे। आने वाले दिनों में वॉच के जरिये सिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर से सफाई व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की निगरानी की जाएगी। इसकी पूरी कार्ययोजना बनाई गई है। इसके माध्यम से घर-घर कूड़ा उठान के बारे में भी आसानी से जानकारी हासिल की जा सकेगी। नगर निगम में तकरीबन 8000 कर्मचारी सफाई से जुड़े हैं।