- खोड़ारे थाना क्षेत्र के अलीनगर तिवारीजोत गांव का मामला, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
गोंडा।
जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के अलीनगर तिवारीजोत गांव में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष ने बेटी की मौत पर संदेह जताते हुए मृत्यु का वास्तविक कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जनपद के गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के ग्राम मुरलिया टेड़वा निवासी शीला देवी पत्नी बृजमोहन ने अपनी पुत्री संजनी देवी (करीब 22 वर्ष) की शादी 5 मई 2026 को गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के अलीनगर तिवारीजोत निवासी आशीष कुमार पुत्र रामशब्द के साथ की थी।
मृतका की मां शीला देवी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे उनकी बेटी के सास-ससुर ने फोन कर सूचना दी कि संजना ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव फंदे से उतारकर कमरे में रखा हुआ था। इसके बाद मां ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम के माध्यम से मृत्यु का कारण स्पष्ट कराने की मांग की।
इस संबंध में खोड़ारे थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि संजनी काफी दिनों से बीमार चल रही थी। पहले मायके पक्ष की ओर से उसका इलाज कराया जा रहा था, बाद में उसे ससुराल लाया गया। उसका पति मुंबई में रहता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल नवविवाहिता की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
घारीघाट में 26 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
बभनान में ग्रामीण मिनी मैराथन का आयोजन, 300 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
जौहर यूनिवर्सिटी मनी लॉन्ड्रिंग मामला: रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद आजम खां गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा