March 6, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

चौका-छक्का के विवाद से तहसील में बवाल, भिड़े मुंशी और पेशकार

Chaos in Tehsil due to dispute over fours and sixes, Munshi and Peshkar clashed
एसडीएम न्यायालय में बारी-बारी से जड़ा ताला, घंटों फंसे रहे मुल्जिम, एसडीएम व संघ अध्यक्ष के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला

नौतनवा (महराजगंज)। क्रिकेट मैच के दौरान चौका-छक्का को लेकर हुआ विवाद बृहस्पतिवार को तहसील तक पहुंच गया। मामला इतना बिगड़ा कि एसडीएम न्यायालय में पेशकार और एक अधिवक्ता के मुंशी आपस में भिड़ गए और दोनों ने बारी-बारी से न्यायालय में ताला जड़ दिया। इससे जमानत प्रक्रिया घंटों ठप रही और मुल्जिम देर शाम तक फंसे रहे। बाद में एसडीएम नवीन प्रसाद और अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।

बताया जा रहा है कि एसडीएम के पेशकार और एक अधिवक्ता के मुंशी के बीच दो दिनों से किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। उधर, बुधवार शाम सोनौली थाना क्षेत्र के जगरनाथपुर गांव में क्रिकेट मैच के दौरान चौका या छक्का जाने की बात को लेकर खिलाड़ियों के दो पक्षों में विवाद हो गया। धक्का-मुक्की होने पर सोनौली पुलिस ने दो युवकों का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया।

बृहस्पतिवार को उन्हीं युवकों की जमानत कराने के लिए अधिवक्ता का मुंशी दस्तावेज लेकर एसडीएम न्यायालय पहुंचा तो पहले से चल रही रार फिर भड़क उठी। आरोप है कि आवेश में आए पेशकार ने मुंशी समेत कुछ लोगों के अंदर होने के बावजूद न्यायालय कक्ष में बाहर से ताला जड़ दिया और चले गए। कुछ देर बाद एसडीएम के फोन पर लौटकर उन्होंने ताला खोला, तो मुंशी ने भी जवाब में न्यायालय के बाहर ताला लगा दिया। इस खींचतान के बीच जमानत प्रक्रिया रुक गई और अधिवक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा।

देर शाम मामला एसडीएम नवीन प्रसाद तक फिर पहुंचा। इसके बाद एसडीएम और संघ अध्यक्ष की बातचीत से किसी तरह मामला ठंडा हुआ। करीब 6 बजे एसडीएम के आदेश पर न्यायालय पहुंचे पेशकार ने लंबित जमानत की प्रकिया पूरी की।