March 6, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

मामूली कहासुनी में चलीं गोलियां, युवक की मौत

A minor altercation resulted in gunfire, resulting in the death of a young man
भदैंया(सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात के जनऊपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर बाद बच्चों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक पक्ष के मोहित सोनकर (32) की मौत हो गई, जबकि उनके बड़े भाई मंगल सोनकर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

मेडिकल कॉलेज पहुंचीं पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि जनऊपुर गांव निवासी वीरेंद्र सोनकर होमगार्ड हैं। उनका पड़ोसी रमेश सोनकर के परिवार से पहले से विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार सुबह दोनों पक्षों के बच्चों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। तब मामला मामला शांत हो गया था लेकिन दोपहर बाद फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रमेश सोनकर के पुत्र भोलू सोनकर ने असलहे से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पांच राउंड फायर किए। इस बीच दो गोली मोहित के सीने में लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने उनके बड़े भाई मंगल सोनकर भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस व ग्रामीण ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि मंगल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी व कोतवाली देहात पुलिस की टीम को लगाया गया है। जनऊपुर गांव निवासी होमगार्ड वीरेंद्र सोनकर के पांच पुत्र थे। उनमें मोहित सोनकर चौथे नंबर पर था। उससे छोटा रोहित है। मंगल उससे बड़े हैं। इसके अलावा परिवार में दो अन्य बेटे भी हैं। मोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने लगाया कोतवाली देहात पुलिस पर आरोप
मेडिकल कॉलेज पहुंचे मृतक के परिजनों ने कोतवाली देहात पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों की ओर से दिए गए बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। (संवाद)