लखनऊसीएम को गोली मार दी गई है। तत्काल सभी अधिकारी मौके पर पहुंचें। लोहिया अस्पताल समेत आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा जाए। तत्काल सीएम को इलाज के लिए भेजा जा रहा है। यह नजारा बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में तैनात नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) की ओर से मॉक ड्रिल की जा रही थी।
सीएम के सिंगापुर और जापान दौरे पर जाने के दौरान बुधवार को एनएसजी ने आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों को परखा। इसके लिए एक कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई, जहां हिस्सा लेने आए सीएम की डमी पर कुर्सी के नीचे छिपे युवक ने पिस्टल से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। एनएसजी कमांडो ने तत्काल बुलेटप्रूफ शील्ड से सीएम को सुरक्षित किया और जवाबी फायरिंग कर हमलावर को ढेर कर दिया। वहीं, सीएम को लोहिया अस्पताल ले जाने की कवायद शुरू कर दी गई। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान को घेर लिया। कड़ी सुरक्षा में सीएम को लोहिया अस्पताल ले जाने के बजाय एसटीएफ मुख्यालय लेकर जाकर सुरक्षित किया गया, जहां पहले से सेफ हाउस बनाया गया था।
वीवीआईपी प्रोटोकॉल हुआ लागू
सीएम को गोली लगने की सूचना वायरलेस पर प्रसारित होते ही पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत इलाज के लिए भेजने की तैयारियों को परखने के लिए लोहिया अस्पताल में मरीजों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि सीएम का काफिला आसानी से जा सके। हालत गंभीर होने के दृष्टिगत इलाज के लिए एयरपोर्ट से दिल्ली भेजने की एक्सरसाइज भी परखी गई।
More Stories
चिमनी की ऊंचाई, प्लेटफॉर्म बढ़ाने और डिजाइन पर फिर से होगा मंथन; मुंबई में बैठक
काशी में 5340 लड़कियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, ‘हिंसा’ पर बनाई पेंटिंग; प्रशिक्षण
हर घर जल पर बजट का ग्रहण, अधर में लटकीं परियोजनाएं