February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

लेट फीस पर आक्रोशित छात्रों का लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रदर्शन

Angry students protest at Lucknow University over late fees
लखनऊ। दो हजार रुपये की लेट फीस लगाए जाने के विरोध में लखनऊ विश्वविद्यालय के दूसरे परिसर में बुधवार को छात्रों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान एडिशनल प्रॉक्टर मो. अहमद के हाथ में हल्की चोट आ गई, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
मो. अहमद ने बताया कि छात्रों के एक समूह ने लेट फीस वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान परिसर के सभी गेट बंद कर दिए गए, जिससे पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुआ। मुख्य प्रवेश द्वार पर अफरातफरी के बीच गेट में फंसने से उनके हाथ में चोट लग गई।

उधर, छात्रों ने अतिरिक्त प्रॉक्टर के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और किसी ने उन्हें धक्का नहीं दिया। एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत पंडित ने बताया कि वे केवल दो हजार रुपये की लेट फीस के फैसले का विरोध कर रहे थे।

एडिशनल प्रॉक्टर मो. अहमद ने कहा कि घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर जिम्मेदार छात्रों की पहचान की जाएगी। संबंधित छात्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा और अनुशासनहीनता के मामले में एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने गेट बंद करने और प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने को गंभीर अनुशासनहीनता माना है।