गोंडा,उत्तर प्रदेश दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह में गोंडा जिले के बेलसर विकासखंड के लौव्वा टेपरा गांव निवासी कुलदीप मिश्र को राज्य स्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया, विशेष रूप से एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) के माध्यम से बीज उत्पादन और आपूर्ति में मिली सफलता के लिए।
कुलदीप मिश्र ने बीज विकास निगम को सर्वाधिक 40 हजार क्विंटल गेहूं का बीज आपूर्ति कर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया था। इस उपलब्धि ने उन्हें राज्य में एक मॉडल किसान के रूप में स्थापित किया है। सम्मान समारोह में अपर प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र कुमार, कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, अपर निदेशक कृषि प्रसार राजेंद्र कुमार सिंह और जेडीए फर्टिलाइजर आशुतोष मिश्र ने संयुक्त रूप से उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कुलदीप मिश्र ने बताया कि वे कई वर्षों से वैज्ञानिक खेती की आधुनिक तकनीकों और उन्नत विधियों का उपयोग कर बीज उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार ला रहे हैं। उनके प्रयासों से न केवल बेहतर गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध हो रहे हैं, बल्कि जुड़े हुए किसानों को अधिक उत्पादन और आर्थिक लाभ भी मिल रहा है। कुलदीप ने वर्ष 2020 में अथरिस फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) की शुरुआत की थी, जिससे अब क्षेत्र के करीब 3500 किसान जुड़ चुके हैं और बीज उत्पादन का कारोबार पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ा है। इससे किसानों की आय में दोगुनी वृद्धि देखी गई है।
यह सम्मान कुलदीप मिश्र की निरंतर मेहनत और नवाचार का प्रमाण है, जो प्रदेश के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ऐसे प्रगतिशील किसानों को सम्मानित कर कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।
(संवाद न्यूज एजेंसी से संकलित)

More Stories
तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार पति-पत्नी को रौंदा, दोनों की मौत
2 ट्रेलर के बीच दबा ऑटो…हादसे की भयावहता देख सिहर गया हर कोई- उजड़ गईं 2 परिवारों की खुशियां
मार्च तक 43 हजार से अधिक घरों को मिलेगी बड़ी राहत, 7 वार्डों में 342.19 किमी सीवर लाइन बिछेगी