
नवंबर में रालोद जिलाध्यक्ष और समर्थकों के साथ थाना किठौर इंस्पेक्टर द्वारा की गई कथित अभद्रता को रालोद कार्यकर्ता भूल नहीं पा रहे हैं। इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग लगातार जारी है लेकिन कार्रवाई न होती देख उन्होंने इंस्पेक्टर के खिलाफ लामबंदी शुरू कर दी है। शुक्रवार को मेरठ से रालोद नेता एकत्रित होकर दिल्ली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री चौ. जयंत सिंह के पास पहुंच गए और पूरा मामला बताया। उन्होंने किठौर इंस्पेक्टर को हटवाकर दूसरे जिले में भिजवाने की मांग की।
बता दें कि नवंबर में रालोद जिलाध्यक्ष मतलूब गौड़ के भाई किसी मामले में जेल से छूटे थे। जेल से बाहर आने पर उनके समर्थक जुलूस के रूप में उन्हें किठौर लेकर पहुंचे थे। इससे सड़क जाम हो गई थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर किठौर इंस्पेक्टर ने जिलाध्यक्ष के तीन भाइयों समेत 14 लोगों को हवालात में डाल दिया था। इंस्पेक्टर पर भी रालोद जिलाध्यक्ष से अभद्रता करने के आरोप लगाए थे, तभी से रालोद जिलाध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ता अपमानित महसूस कर रहे हैं।
रालोद नेताओं का कहना है कि उप्र में भाजपा की सरकार है, जबकि रालोद का भाजपा से गठबंधन है। इसके बावजूद भी रालोद कार्यकर्ताओं का अपमान किया जा रहा है। इस मसले पर रालोद कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर के खिलाफ लामबंदी कर ली है। रालोद के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर, गौरव जटौली , संगीता दोहरे, संजय पनवाडी, दीपक तोमर, नईम सागर, युवा जिला अध्यक्ष अभिमन्यु, प्रताप लोहिया अपने साथ जिले के कई कार्यकर्ताओं को लेकर नई दिल्ली स्थित 25 तुगलक रोड पर जयंत चौधरी से मिलने पहुंचे।
रालोद नेताओं ने पूरा मामला जयंत सिंह के सामने उठाया। उन्होंने कहा कि रालोद कार्यकर्ताओं को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने इंस्पेक्टर किठौर को जिले से बाहर भिजवाने की मांग की। रालोद नेताओं ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को देश का पहला एआई आधारित विश्वविद्यालय परिसर बनाए जाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को लेकर भी चौ. जयंत का आभार जताया। इस अवसर पर अरविंद तोमर, वीरेंद्र तोमर, प्रतीक जैन, अजीत बना, पिंटू मौड, मोमिन, अशोक, फुरकान अल्वी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories
नर्सिंग अधिकारियों ने बुद्धपार्क में दिया धरना, वर्षवार भर्ती कराने समेत अन्य मांगों के लिए निकाली रैली
मोबाइल ने जेन जी से छीनी कलम की पकड़, कॉपियों में शॉर्टकट का हो रहा इस्तेमाल
विधानसभा चुनाव; भाजपा मंत्रियों की सीट नहीं बदलेगी, कट सकता है टिकट, पार्टी आंकेगी लोकप्रियता