
कानपुर के घाटमपुर तहसील परिसर में शनिवार दोपहर दुष्कर्म की रिपोर्ट लिखाने वाली महिला व उनकी बेटियों की झांसी में तैनात फॉरेंसिक साइंस के वैज्ञानिक संतोष कुमार कुरील की चप्पलों से पिटाई कर दी। महिला ने बेटी का वीडियो बनाने और विरोध पर थप्पड़ जड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, वैज्ञानिक का कहना है कि उन्हें कार से खींचकर पीटा गया है। दोनों पक्षों के बीच जमीन से संबंधित मामला कोर्ट में है।
पुलिस ने मां व बेटियों के खिलाफ मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज की है। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उनका गांव के ही कैलाश से सिविल कोर्ट में जमीन का मुकदमा चल रहा है। वह शनिवार को दो बेटियों के साथ तारीख पर आई थीं। आरोप है कि संतोष कुमार कुरील उनकी बेटियों का वीडियो बना रहे थे।
महिला व उसकी दोनों बेटियों पर रिपोर्ट दर्ज
उन्होंने इसका विरोध किया तो कहासुनी हो गई। इस दौरान संतोष ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। वहीं, फॉरेंसिक साइंस के वैज्ञानिक संतोष कुमार का आरोप है कि महिला की बेटियां उनको चप्पल दिखा रही थीं। उन्होंने विरोध किया, तो उनको कार से बाहर खींचकर लात-घूंसों व चप्पलों से पीटा गया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। संतोष कुरील की तहरीर पर महिला व उसकी दोनों बेटियों पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
लगभग दो वर्ष तक दुष्कर्म किया
मामले की जांच की जा रही है। वहीं, महिला ने थाना प्रभारी को बताया कि जमीन के मामले में मदद करने की आड़ पर संतोष कुरील ने उसके साथ लगभग दो वर्ष तक दुष्कर्म किया। उन्होंने इसकी रिपोर्ट घाटमपुर थाने में दर्ज कराई थी। संतोष ने मेडिकल रिपोर्ट में हेराफेरी कर दुष्कर्म की एफआईआर में फाइनल रिपोर्ट लगवा दी थी। महिला का आरोप है कि संतोष कुरील उसे लगातार मुकदमे की पैरवी न करने के लिए धमका रहा है।
