February 4, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

अस्सी-दशाश्वमेध घाट पर इस महीने से मिलेगी फ्री वाई-फाई की सुविधा, कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय

Free Wi-Fi will be available at Assi and Dashashwamedh Ghat from this month in varanasi

फरवरी यानी इस महीने से अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। यह निर्णय मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। जर्जर सड़कों की मरम्मत मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। साइकिल रिक्शा, ट्रॉली, ठेला और हाथ के ठेले पर अब लाइसेंस शुल्क नहीं लगेगा। इसे माफ कर दिया गया है। लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया। दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया को तेज कर आवेदन के दिन ही कागजात की जांच कर फाइल नंबर देने की व्यवस्था लागू की जाएगी।

शहर को जलभराव से बचाने के लिए अस्सी नाले पर बैराज बनवाने का निर्णय लिया गया ताकि बाढ़ का स्थायी समाधान हो सके। मलिन बस्तियों (सेवा बस्तियों) में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। सीवर, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का सर्वे कर एक महीने में प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया

कुत्तों के आतंक से मुक्ति के लिए एबीसी सेंटर का संचालन 10 दिनों में शुरू कराने, वॉटरकूलरों की संख्या 18 से बढ़ाकर 28 करने का निर्णय लिया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पद्म अवॉडी के सम्मान में उनके गली-मोहल्लों के नामकरण की प्रक्रिया 31 मार्च तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

30 प्रतिशत कर्मचारियों के पटल होंगे इधर से उधर
अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने बताया कि 30 प्रतिशत कर्मचारियों के स्थानांतरण की सूची तैयार है। मार्च तक 10 स्टे समाप्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। खराब झूलों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

शहर के चार कोनों पर बनेंगे मीट मार्केट जोन
निगम ने शहर की चारों दिशाओं में विशेष मीट मार्केट जोन विकसित करने का निर्णय लिया। पिसौर क्षेत्र, चितईपुर, रामनगर और सूजाबाद के बीच, सारनाथ (ऐढ़े) में स्थानों को चिह्नित किया गया है। अत्याधुनिक दुकानों में पार्किग की भी सुविधा होगी। कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए जा सकेंगे।

प्लास्टिक मुक्त महाशिवरात्रि, गड्ढा मुक्त होंगे पंचक्रोशी और मंदिर मार्ग

15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर एक दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा को ध्यान में रख मेयर ने शहर की सड़कों और गलियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। इस बार सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा और पूरे यात्रा मार्ग को प्लास्टिक मुक्त रखने का लक्ष्य रखा गया है। मेयर ने 12 फरवरी तक सभी संबंधित कार्यों को पूरा करने की समयसीमा तय की है। पंचक्रोशी मार्ग और पड़ावों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। शहर के वे सभी मार्ग जो प्रमुख शिव मंदिरों (जैसे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, महामृत्युंजय, और अन्य क्षेत्रीय शिवालयों) की ओर जाते हैं। उन्हें हर हाल में 12 फरवरी तक गड्ढा मुक्त किया जाएगा।