
कानपुर में बीसीसीआई की कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के लीग चरण का मुकाबला शुक्रवार को ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। अपने अंतिम समय में वरिष्ठ पिच क्यूरेटर शिवकुमार इसी पिच पर काम कर रहे थे। मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें मैदान पर उतरने के बाद शिवकुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। मैच सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ होगा। एलीट ग्रुप-डी में शामिल उत्तर प्रदेश के लिए यह लीग चरण का अंतिम मुकाबला है, जिसमें जीत दर्ज कर नॉकआउट में जगह बनाना उसकी प्राथमिकता होगी।
टॉस भी तय कर सकता है मैच की दिशा
ऐसे में टॉस भी मैच की दिशा तय कर सकता है। कोच ज्ञानेंद्र पांडेय के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की कमान संभाल रहे आदर्श सिंह को घरेलू मैदान का अच्छा अनुभव है। टीम में प्रशांतवीर, अक्षु बाजवा और रितुराज शर्मा जैसे खिलाड़ी किसी भी समय मैच का पासा पलटने की क्षमता रखते हैं। दूसरी ओर चंडीगढ़ की टीम देवांग कौशिक, राघव वर्मा, आरुष भंडारी, आर्यन दुग्गल और अभिराज जैसे खिलाड़ियों के दम पर उलटफेर करने की कोशिश करेगी।