
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो चुकी हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने बुधवार को पहले दिन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जिया मऊ परीक्षा केंद्र पर पहुंचे परीक्षार्थियों को फूल देकर स्वागत किया।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने बताया कि साल 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक प्रदेश भर में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम पाली (प्रातः 8:30 बजे से 11:45 तक) हाईस्कूल में हिंदी एवं प्रारम्भिक हिंदी की परीक्षा हो रही है। राजधानी सहित प्रदेश भर में कुल 8,033 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। होगी जिसमें कुल 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत है।
इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे कुल 24,99,370 परीक्षार्थी
इसी तरह द्वितीय पाली (सायं 2-00 बजे से 5-15 बजे तक) इंटरमीडिएट की हिंदी एवं सामान्य हिंदी की परीक्षा 7,998 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न होगी जिसमें कुल 24,99,370 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
यूपी बोर्ड राज्य कंट्रोल रूम प्रभारी संयुक्त शिक्षा निदेशक विवेक नौटियाल के अनुसार, राज्य स्तरीय हाईटेक कंट्रोल रूम, लखनऊ से 75 जनपदों के सभी 8033 परीक्षा केंद्रों की लाइव ऑनलाइन मॉनिटरिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था है।
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत है। हाईस्कूल में 27,61,696 एवं इंटरमीडिएट 25,76,082 परीक्षार्थी शामिल होंगें। प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र स्थापित हैं। इनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त एवं 3984 निजी विद्यालय शामिल हैं।
