February 20, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सीएम चैंपियनशिप ट्रॉफी के खिलाड़ियों का भोजन भत्ता बढ़ेगा, परीक्षण के बाद घोषणा में करेंगे शामिल

 

Food allowance of CM Championship Trophy players will increase Uttarakhand News

प्रदेश में खेल महाकुंभ के तहत आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के खिलाड़ियों का भोजन भत्ता बढ़ेगा। इसे 225 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर 350 रुपये करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परीक्षण के बाद इसे सीएम घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेश में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 23 नवंबर 2025 से न्याय पंचायत स्तर से शुरू की गई। न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक आयोजित होने वाली इस खेल प्रतियोगिता में एक लाख 62 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें शामिल खिलाड़ियों को भोजन के लिए युवा कल्याण विभाग को 225 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मिलते हैं।

प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से इस धनराशि बढ़ाने का प्रस्ताव है। विभाग का कहना है कि खिलाड़ियों को दिन में तीनों समय का गुणवत्ता युक्त भोजन मिले, इसके लिए इस धनराशि को बढ़ाकर 350 रुपये करने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के समापन समारोह में विभाग के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने इसे परीक्षण के बाद सीएम घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए।हर ग्राम पंचायत स्तर पर सीएम खेल क्लब बनाने का प्रस्ताव

प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से हर ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्यमंत्री खेल क्लब बनाने और क्लब को सहायता के रूप में हर साल 10 हजार रुपये देने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा सीएम चैंपियनशिप ट्रॉफी के बेहतर खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण केंद्र व हॉस्टल निर्माण का भी विभाग की ओर से प्रस्ताव है। दोनों प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने परीक्षण के बाद इसे सीएम घोषणा में शामिल करने के निर्देश दिए।