February 22, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

मंदिर के बाहर लाइन लगाए लोग भक्तों को बनाते थे निशाना, चेन स्नेचरों का बड़ा गैंग दबोचा गया- 16 गिरफ्तार

16 members of a chain-snatching gang arrested in Gorakhpur's Chauri Chaura area; five luxury cars also recover

मंदिर में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक बड़े गैंग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 16 आरोपियों को दबोचा है, जिनमें 8 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लग्जरी कारें तथा अन्य सामान भी बरामद किया है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि तरकुलहा देवी मंदिर पर लगने वाले मेले के दौरान यह गिरोह सक्रिय रहता था। भीड़ का फायदा उठाकर महिला सदस्य श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन झपट लेती थीं। इसके बाद वे चेन अपने पुरुष साथियों को सौंप देती थीं, जो लग्जरी वाहनों के जरिए मौके से फरार हो जाते थे।

यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में तथा तरकुलहा चौकी इंचार्ज सौरभ झा की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरोह काफी संगठित तरीके से काम करता था और अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य स्थानों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
इनके साथ हुई थी घटना
थाना चौरीचौरा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध तारकुलहा देवी मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान अज्ञात महिला चो रों ने तीन महिलाओं के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देवरिया जनपद के महुआडीह थाना क्षेत्र के कोटवा बसावन टोला निवासी शिला देवी पत्नी मुन्ना पटेल अपनी बहन शकुन्तला देवी पत्नी मनोज चौधरी तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भतीजे के मुंडन संस्कार में शामिल होने मंदिर पहुंची थीं।

दिन में करीब 11 बजे जब वे दर्शन के लिए लाइन में लगी थीं, तभी कुछ अज्ञात महिलाओं ने धक्का-मुक्की करते हुए शिला देवी के गले से लगभग 13 ग्राम की सोने की चेन तथा उनकी बहन शकुन्तला देवी की करीब 3 से 4 ग्राम वजनी सोने की अंगूठी निकाल ली।

इसी दौरान दर्शन के लिए लाइन में लगी भगुआ गांव निवासी सुमन यादव पत्नी रमायन यादव (थाना गौरी बाजार, जनपद देवरिया) की भी करीब 10 से 12 ग्राम की सोने की चेन चोरी कर ली गई। पीड़ित महिलाओं को जब घटना की जानकारी हुई तब तक आरोपी महिलाएं भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो चुकी थीं।