February 21, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

अपने घरों में ही नमाज पढ़ेंगे मुस्लिम, विवाद उठने के बाद बोर्ड बैठक में भवन पर ताला लगाने का निर्णय

Namaz Controversy in chamoli Muslims in Jyotirmath will offer prayers in their homes lock the building

नगर क्षेत्र ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़ने के मामले को प्रशासन ने पूरी तरह से सुलझा लिया है। मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों पर ही नमाज पढ़ेंगे। वहीं नगर पालिका की ओर से भवन पर ताला लगा दिया गया है।

बृहस्पतिवार को ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के भवन में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हो गया था। जिसपर हिंदूवादी संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से इसकी शिकायत की थी। मामला बढ़ता देख नगर पालिका की बृहस्पतिवार देर शाम को तुरंत बोर्ड बैठक हुई, जिसमें इस भवन पर ताला लगाने और मुस्लिम समुदाय को नमाज पढ़ने के लिए अपनी व्यवस्था करने को कहा गया।

शत प्रतिशत लोगों का सत्यापन करने के लिए निर्देश
एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल हुआ था। इसके लिए नगर पालिका से हॉल के लिए विधिवत अनुमति नहीं ली गई थी। उस स्थान को बंद कर दिया गया है। यह निर्णय लिया गया कि मुस्लिम अपने घरों में नमाज अदा करेंगे, इसपर मुस्लिम समुदाय ने सहमति दी है। नगर में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। किसी भी तरह से माहौल को बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

इसी के साथ ज्योतिर्मठ थाने को नगर में बाहर के शत प्रतिशत लोगों का सत्यापन करने के लिए निर्देशित किया गया है। यदि किसी एजेंसी के पास कोई कर्मचारी मिलते हैं जिनका सत्यापन नहीं कराया गया है तो मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

पलिस की मौजूदगी में घरों पर पढ़ी जुमे की नमाज

नगर पालिका के भवन में नमाज पढ़ने से उठे विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवास पर पढ़ी गई। इफ्तेखार मलिक का कहना है कि हम 35 साल से यहां रह रहे हैं। पहले भी नगर पालिका के भवन पर रमजान की नमाज पढ़ी जाती रही है, तब पर्ची कटवाई जाती थी लेकिन इस बार लिखित अनुमति नहीं होने पर विवाद खड़ा हुआ। रमजान की नमाज अदा करना घर के अंदर संभव नहीं होता है। इसके लिए हॉल की जरूरत होती है। इस दौरान वहां पुलिस भी तैनात रही।

विवाद से भाईचारे पर नहीं पड़ेगा असर

सलीम राजा का कहना है कि हमारे पूर्वज कई वर्षों से यहां रहते आए हैं। कभी कोई दिक्कत नहीं आई है। नगर पालिका के हाल में नमाज पढ़ने को लेकर जो विवाद हुआ उससे भाईचारे पर कोई असर नहीं पड़ेगा।