February 23, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

जयंत के जरिए वेस्ट यूपी को साधने की तैयारी, मेरठ में अगले विधानसभा चुनाव के लिए तैयार होगी सियासी जमीन

BJP is preparing to woo West UP through Jayant Chaudhary political ground in Meerut for next assembly election
मेरठ के मोहिउद्दीनपुर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच से सिर्फ विकास की बात नहीं, 2027 के लिए नई सियासी जमीन भी तैयार होगी। पीएम नमो भारत व मेट्रो की सौगात देने के साथ सियासी समीकरणों को भी साधेंगे।
इस दौरान सहयोगी दल रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी को पीएम के साथ मंच पर अहमियत देकर पश्चिम को साधने की कोशिश होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश लंबे समय से रालोद की सियासी जमीन रही है।
रालोद के भाजपा के सहयोगी दल के रूप में आने के बाद से ही सियासी गलियारों में तपिश बनी हुई है। किसान राजनीति को लेकर खेमेबंदी चलती रही है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के जुबानी तीर जयंत पर चलते रहे हैं।
हाल में ही टिकैत ने जहां जयंत को हलवाई का ततैया कहा था, वहीं जयंत ने पलटवार करते हुए कहा था कि उन्हें मीठा पसंद नहीं है। इन सबके बीच पीएम के मंच पर जयंत को तवज्जो देने को लेकर भी सभी की निगाहें लगी हुई हैं।

दूसरी ओर रालोद के प्रांतीय कार्यालय में हस्तिनापुर क्षेत्र अध्यक्ष तरसपाल मलिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में काफी संख्या में लोग जुटे। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पूरे मेरठ और आसपास के जिलों से कार्यकर्ता एवं किसान मजदूर भारी संख्या में पहुंचेंगे।
सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान व जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र के हर गांव से किसानों और युवाओं को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो को पीएम मोदी आज दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही 82.15 किमी लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए चालू हो जाएगा। अभी इस कॉरिडोर का 55 किमी का हिस्सा चालू है। उद्घाटन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मौजूद रहेंगे।

करीब 82.15 किलोमीटर (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत) लंबाई वाली नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये में तैयार हुई है। इससे मेरठ के अलावा आसपास के जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। मेरठ से दिल्ली पहुंचाना आसान हो जाएगा।
अभी तक रैपिड ट्रेन दिल्ली के अशोक विहार से मेरठ साउथ तक संचालित की जा रही थी। अब यह मेरठ मोदीपुरम से दिल्ली के सराय काले खां तक संचालित की जाएगी। करीब 82 किमी की इस दूरी की यात्रा के लिए लोगों को करीब 213 रुपये चुकाने होंगे।
वहीं, मेरठ में मेट्रो का संचालन पहली बार होने जा रहा है। करीब 23 किलोमीटर लंबे रूट पर चलने वाली मेट्रो का किराया अभी घोषित नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री के दौरे के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दिल्ली रोड पर यातायात के मार्ग में बदलाव किया गया है। रैली स्थल के पास ही वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।