
जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विशाल रंजन आजमगढ़ का रहने वाला है। उसने वीपीएन और प्रॉक्सी सर्वर के जरिए कई फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर एक लाख रुपये की मांग की थी।
मोबाइल फोन की जांच में 17 फरवरी को जिन ई-मेल आईडी का प्रयोग कर धमकी दी गयी थी, उन नामों से एवं अन्य अलग-अलग नामों लगभग 50 ई-मेल आईडी का पता चला। उसने आजमगढ़ रोडवेज डिपो को भी बम से उड़ाने का मैसेज तैयार किया था, जिसे परिवहन निगम की ई-मेल पर भेजने वाला था।
प्रेमिका की शादी रोकना था मकसद
पूछताछ में विशाल रंजन ने बताया कि वह जिस लड़की से प्यार करता था, उसकी शादी जौनपुर में तय हो गयी थी। शादी रोकने के लिए उसने प्रेमिका के मंगेतर की फर्जी आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट की थी, जिसे बाद में पंचायत में उसे माफी मांगनी पड़ी थी। बदला लेने के लिए उसने वर पक्ष के गांव के कुछ युवकों के मोबाइल नंबर व नाम के साथ अपनी प्रेमिका के मंगेतर के नाम से भी फर्जी ई-मेल आईडी बनाई और धमकी भरा ई-मेल भेज दिया। उसका मकसद उन सभी लोगों को जेल भिजवा कर बदला लेना था।