February 27, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

कबाड़ ठेकेदार ने मजदूर को पीटा, अस्पताल में मौत

Labourer beaten by scrap contractor, dies in hospital
लखनऊ। बाजारखाला के जत्ती बगिया के पास झोपड़ी में रहने वाले रफीक अली (25) को रविवार कबाड़ ठेकेदार रमजान अली ने बेरहमी से पीटा। उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। रफीक के सिर व घुटने पर चोट के निशान मिले हैं। आरोपी रमजान अली के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में लगी है।
रफीक की पत्नी साइमा खातून के मुताबिक वे लोग मूल रूप से असम के रहने वाले हैं। दंपती दो वर्ष से जत्ती बगिया इलाके में झोपड़ी बनाकर रहते हैं और रमजान अली के गोदाम में कबाड़ बीनने का काम करते हैं। साइमा का आरोप है कि उनके पति ने कुछ दिन पहले गोदाम मालिक रमजान से 30 हजार रुपये एडवांस लिया था। रुपये के एवज में रमजान अली रफीक से जबरन गोदाम में काम करवाता था। विरोध करने पर आरोपी उनकी पिटाई करता था।

रविवार देर रात बेरहमी से पीटा
साइमा का आरोप है कि 22 जनवरी की देर रात गोदाम मालिक रमजान अली ने उनके पति को बेरहमी से पीटा था। इससे उन्हें अंदरूनी चोट लगी थी। अगले ही दिन रफीक पिता ऐनुल हक के साथ गुलालाघाट स्थित उनके घर चले गए। 25 जनवरी को अचानक रफीक अली की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह ने बताया कि आरोपी रमजान अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। डॉक्टरों ने हार्ट व विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है। रफीक के सिर व घुटने पर चोट के निशान मिले हैं।