
काशी दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने कहा कि मणिकर्णिका घाट और दालमंडी का ध्वस्तीकरण काशी की आत्मा पर चोट है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर बृहस्पतिवार को एक दिवसीय दौरे पर आए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने काशी विश्वनाथ में दर्शन-पूजन के बाद मणिकर्णिका और दालमंडी में चल रहे ध्वस्तीकरण अभियान का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि सच्चाई जानने के लिए जब-जब राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर प्रतिनिधिमंडल काशी पहुंचा, तब-तब पुलिस प्रशासन ने उन्हें मौके पर जाने से रोका। नेताओं को नजरबंद भी किया गया। उन्होंने कहा कि वे अपनी रिपोर्ट बनाकर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को सौंपेंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर सपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘लक्कड़’, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, विष्णु शर्मा, किशन दीक्षित आदि शामिल रहे।
दालमंडी में बीते 10 फरवरी को को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई थी। नगर निगम द्वारा चिह्नित किए गए 21 भवनों को बुलडोजर से तोड़ा गया था। कार्रवाई के दौरान जब टीम पांचवें भवन संख्या सीके 40/71 को ध्वस्त करने पहुंची तो मकान की खिड़की से भवन स्वामी रहमत अली बोतल में भरा पेट्रोल नीचे टिन शेड पर छिड़कने लगा। पेट्रोल गली में खड़ी पुलिस टीम और अफसरों पर भी पड़ गया था। उसने पेट्रोल में आग लगा दी थी, जिससे टिन शेड पर तेज आग जलने लगी। बाजार में भगदड़ मच गई। रहमत आग लगाकर भाग गया था।