February 27, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

परंपरा में प्रयोग का तड़का गुझिया में मिलेगा ठंडाई का स्वाद

A dash of experimentation in tradition... Gujhiya will taste like Thandai
लखनऊ। होली पर इस बार मेहमाननवाजी का अंदाज बदल गया है। पारंपरिक ठंडाई की जगह अब ठंडाई फ्लेवर वाली गुझिया लोगों की पहली पसंद बन रही है। शहर के बाजारों में ठंडाई, पिस्ता, केसरिया, अंजीर, बादाम कैपुचिनो और बादाम केसर जैसे कई नए स्वादों की गुझिया उपलब्ध हैं। वहीं सेहत को ध्यान में रखते हुए शुगर फ्री, वैफर क्रश और बेक्ड गुझिया भी तैयार की गई हैं। बाजार में गुझिया की कीमत 1200 रुपये से लेकर 4500 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जिसमें पिस्ता गुझिया सबसे महंगी है।

होली की पारंपरिक मिठाई गुझिया के स्वाद में इस बार शहर के मिठाई कारोबारियों ने कई नए प्रयोग किए हैं। करीब 200 वर्ष पुरानी मिठाई दुकान के संचालक सृजल गुप्ता ने बताया कि इस बार ठंडाई गुझिया लॉन्च की गई है, जिसे खाते ही ठंडाई का स्वाद महसूस होता है। ठंडाई मसालों से तैयार यह गुझिया 1200 रुपये प्रति किलो है, जबकि केसरिया गुझिया 2000 रुपये किलो बिक रही है।

इसके अलावा अंजीर और बादाम कैपुचिनो गुझिया 2200 रुपये किलो, बादाम केसर 2400 रुपये किलो, हनी ड्राइफ्रूट 1800 रुपये किलो, गुलाब खजूर गुझिया 2200 रुपये किलो और काजू केसर गुझिया 2000 रुपये किलो उपलब्ध है। सबसे महंगी पिस्ता गुझिया 4500 रुपये प्रति किलो है। सेहत पसंद ग्राहकों के लिए शुगर फ्री, शाही बेक्ड और तुर्की बकलावा शैली की वैफर क्रश गुझिया 1200 से 1500 रुपये प्रति किलो में मिल रही है।

महानगर के मिठाई कारोबारी राजीव गुप्ता के अनुसार उनकी दुकान पर सोने के वर्क वाली गुझिया और मेवा बेबी सहित 15 तरह की गुझिया उपलब्ध हैं। सोने के वर्क वाली गुझिया में पिस्ता, जाफरान, केसर और अन्य मेवे भरे होते हैं, जिसकी कीमत 1500 रुपये प्रति किलो है। ग्राहकों को गुझिया के साथ पिचकारी और गुलाल भी उपहार स्वरूप दिए जा रहे हैं।

होली के बाजार में गिफ्ट हैंपर भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। इन हैंपर्स में गुझिया, गुलाल, पापड़, नमकीन और विभिन्न मिठाइयां शामिल हैं। इनकी शुरुआती कीमत 800 से 1000 रुपये है, जबकि प्रीमियम और आकर्षक हैंपर 1700 रुपये से लेकर 15 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। कॉर्पोरेट और वीआईपी गिफ्टिंग में इन हैंपर्स की सबसे ज्यादा मांग देखी जा रही है।