मेरठ कचहरी स्थित पंडित नानकचंद सभागार में बृहस्पतिवार को मेरठ बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला जज मेरठ अनुपम कुमार की उपस्थिति में नई टीम ने अधिवक्ता हितों की रक्षा का संकल्प लिया।
मंच पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज कुमार शर्मा और महामंत्री परवेज आलम मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व समिति के महामंत्री राजेन्द्र सिंह राणा ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इसके पश्चात अतिथियों, चुनाव अधिकारियों और पूर्व प्रबंध समिति के पदाधिकारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। चुनाव अधिकारी रउफउल हसन अंसारी, जगदीश गिरी, नेपाल सिंह सोम, अशोक पंडित, विरेन्द्र सिंह सिरोही, मनोज गुप्ता, सतेन्द्र सिंह, मनुज बुटार और सहदेव सिंह सोम ने विजेताओं के नामों की आधिकारिक घोषणा की और सभी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद महामंत्री परवेज आलम ने कहा, अधिवक्ताओं ने जो विश्वास हम पर जताया है, हम उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे और उनके हितों के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
समारोह में कई न्यायिक अधिकारियों सहित वरिष्ठ अधिवक्ता एमपी शर्मा, डी.डी. शर्मा, अनिल कुमार बक्शी, डॉ. ओपी शर्मा, अब्दुल जब्बार खान, कुंवर पाल शर्मा, अमित दीक्षित, वीके शर्मा, मिसबाहुद्दीन सिदिकी, नरेश दत्त शर्मा, प्रबोध शर्मा, आनंद कश्यप, राजकुमार गुर्जर, संदीप कुमार बंसल और सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।