March 3, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

जन्मदिन पार्टी में बिल्डर के बेटे से चली गोली, दोस्त की माैत

Builder's son fires shot at birthday party, kills friend
लखनऊ। कृष्णानगर इलाके में बिल्डर के घर में सोमवार शाम को गोली चल गई। गोली सातवीं कक्षा के छात्र की कनपटी पर जा लगी। गंभीर अवस्था में छात्र को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बिल्डर ने सोमवार को 14 वर्षीय बेटे के जन्मदिन पर घर पर पार्टी रखी थी। बेटे ने पार्टी में अपने दोस्तों को बुलाया था। शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक गोली चलने की आवाज आई। शोर सुनकर पार्टी में आए लोग वहां पहुंचे तो बिल्डर के बेटे का दोस्त उनैस (13) लहूलुहान पड़ा था। उनैस की कनपटी पर गोली लगी थी। बिल्डर उनैस को लेकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

छानबीन में सामने आया है कि बिल्डर ने लाइसेंसी रिवाॅल्वर एसयूवी गाड़ी के डैश बोर्ड पर रखा था। दोस्तों को दिखाने के लिए उनके बेटे ने रिवाॅल्वर एसयूवी से निकाली और दोस्तों को दिखाने लगा।
रील बनाने के चक्कर में चली गोली
बताया जा रहा है कि दोस्तों को असलहा दिखाते हुए बिल्डर का बेटा रील बनवाने लगा। इसी दौरान अचानक गोली चल गई। पुलिस का कहना है कि खेल-खेल में गोली चलने की बात
सामने आई है। पार्टी में मौजूद उनैस के दोस्तों व अन्य से पूछताछ की जाएगी। बिल्डर भाजपा नेताओं का करीबी बताया जा रहा है।
उनैस का शव देखकर बेसुध हुई मां

बदाली खेड़ा में रहने वाले उनैस के पिता जमील खां प्राॅपर्टी का काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। परिजन भागकर लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। उनैस की मां शमा अफरोज बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं। बड़ी संख्या में जमील के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को पूरी बात बताई।

हादसा मानने को तैयार नहीं परिजन

उनैस के परिवार वाले इस घटना को हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। परिजनों को कहना है कि गोली सटीक कनपटी पर लगी है। ऐसे में इसे हादसा कैसे माना जा सकता है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर मामले की जांच की मांग की है। उनैस बिल्डर के बेटे के साथ ही निजी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ता था। उनैस का छोटा भाई उमैद है। उनैस के पिता का आरोप है कि आरोपी बिल्डर ने कुछ दिन पहले स्कूल में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग के दाैरान उन्हें धमकी दी थी। यह भी आरेप है कि सोमवार को घटना के बाद बिल्डर ने फोन कर उनके छोटे बेटे को धमकाया। जमीन के अनुसार, बिल्डर का बेटा उनैस को घर आकर जबरनी अपनी कार में ले गया था।

पुलिस का कहना है कि भूतल पर पार्टी के दौरान ही बच्चे थोड़ी दूरी पर खेल रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। घटनास्थल कृष्णानगर थाने से 100 मीटर दूर है। एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक उनैस के पिता की तहरीर पर बिल्डर और उसके नाबालिग बेटे खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।