आजमगढ़। स्थानीय डिपो की बस संख्या आजमगढ़-सुल्तानपुर-लखनऊ सेवा के चालक और परिचालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए बस में छूटा पांच लाख रुपये से भरा बैग यात्रियों को सकुशल लौटा दिया। शुक्रवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में दोनों कर्मचारियों को बुलाकर सम्मानित किया गया। एआरएम अजय सिंह ने बताया कि दो मार्च को बस चालक संदीप पांडेय (संविदा) और परिचालक रमेश चंद्र यादव (संविदा) आजमगढ़ से लखनऊ के लिए निकले थे। रास्ते में जगदीशपुर से चार यात्री बस में सवार हुए। रात आठ बजे चारों यात्री आलमबाग बस स्टेशन पर उतर गए। उतरते समय उनका एक बैग बस में ही छूट गया। बस
कर्मचारियों को बैग मिलने पर उन्होंने उसे सुरक्षित रख लिया। बाद में यात्री जब बैग की तलाश में पहुंचे तो चालक-परिचालक ने बैग उन्हें लौटा दिया। बैग में पांच लाख रुपये नकद रखे थे। बैग मिलने पर यात्रियों ने खुशी जाहिर करते हुए चालक और परिचालक का धन्यवाद किया। रोडवेज के एमडी प्रभु एन. सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में दोनों कर्मचारियों को बुलाकर उपहार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि दोनों कर्मचारियों ने अपनी ईमानदारी से परिवहन निगम और आजमगढ़ डिपो का गौरव बढ़ाया है। अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा प्रस्तुत की है।
More Stories
चिमनी की ऊंचाई, प्लेटफॉर्म बढ़ाने और डिजाइन पर फिर से होगा मंथन; मुंबई में बैठक
काशी में 5340 लड़कियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, ‘हिंसा’ पर बनाई पेंटिंग; प्रशिक्षण
हर घर जल पर बजट का ग्रहण, अधर में लटकीं परियोजनाएं