
मेरठ के मोदीपुरम हाईवे पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पल्लवपुरम फेज-1 निवासी महिला अपनी बेटी के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी बाल-बाल बच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन की तलाश की जा रही है
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार पल्लवपुरम फेज-1 की डबल स्टोरी कॉलोनी में रहने वाली 35 वर्षीय कविता शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपनी 17 वर्षीय बेटी माही के साथ मोदीपुरम स्थित देव मंदिर के पास हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने कविता को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कविता को पहले सर्वहित अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एसडीएस अस्पताल रेफर किया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रुड़की रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
More Stories
चिमनी की ऊंचाई, प्लेटफॉर्म बढ़ाने और डिजाइन पर फिर से होगा मंथन; मुंबई में बैठक
काशी में 5340 लड़कियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, ‘हिंसा’ पर बनाई पेंटिंग; प्रशिक्षण
हर घर जल पर बजट का ग्रहण, अधर में लटकीं परियोजनाएं