लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सैकड़ों फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी शिकायतें सुनीं, प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान सीएम ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए फरियादियों के लिए विशेष व्यवस्था का आदेश दिया।
सीएम योगी ने कहा कि जनपद स्तर पर भी जनता दर्शन आयोजित होते हैं, लेकिन लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग आते हैं। कई फरियादी कार्यक्रम से एक दिन पहले रात में ही राजधानी पहुंच जाते हैं। ठंड के मौसम में उन्हें परेशानी न हो, इसके लिए वे रैन बसेरों में रुकें। सरकार ने रैन बसेरों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं की हैं।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ प्रशासन को निर्देश दिए कि रैन बसेरों का समय-समय पर निरीक्षण करें और सुनिश्चित करें कि वहां रहने वालों को किसी तरह की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान रोज सुनें फरियादें ठंड के बढ़ते प्रकोप को ध्यान में रखते हुए सीएम योगी ने आमजन से अपील की कि पहले अपने जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान के पास जाएं और समस्याएं बताएं। प्रशासन स्तर पर हर शिकायत का समाधान कराया जा रहा है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन जनता की समस्याएं सुनें और उनका निस्तारण करें, ताकि लोगों को ठंड में लखनऊ आने की जरूरत न पड़े।
जनता दर्शन में फरियादियों ने जमीन विवाद, पुलिसिया कार्रवाई, इलाज सहायता समेत विभिन्न मुद्दे उठाए। सीएम ने सभी मामलों में अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।

More Stories
चिमनी की ऊंचाई, प्लेटफॉर्म बढ़ाने और डिजाइन पर फिर से होगा मंथन; मुंबई में बैठक
काशी में 5340 लड़कियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, ‘हिंसा’ पर बनाई पेंटिंग; प्रशिक्षण
हर घर जल पर बजट का ग्रहण, अधर में लटकीं परियोजनाएं