January 12, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

घने कोहरे और ठंड से ठिठुरा गोंडा, रोडवेज की 20 बसें रास्ते में रोकी गईं

गोंडा। इस सर्दी के मौसम में रविवार को जिले का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड और गलन भरी हवा से लोग ठिठुरते नजर आए। सुबह करीब 11 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। ओस की बूंदें टपकती रहीं, जिसने ठंड को और असहनीय बना दिया।

शनिवार रात आठ बजे से ही घना कोहरा छा गया था। खुले इलाकों में दृश्यता लगभग शून्य हो गई। रविवार सुबह वाहनों में यात्रा करने वालों को भारी परेशानी हुई। बर्फीली हवाएं चलने से लोग कांप उठे।

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, कम दृश्यता के कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लखनऊ और कानपुर रूट की करीब 20 बसों को रास्ते में ढाबों या पेट्रोल पंपों पर रोकना पड़ा। रोडवेज के एआरएम कपिलदेव ने बताया कि चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोहरा ज्यादा होने पर बसें रोकी जाएं और तब तक इंतजार किया जाए जब तक सुरक्षित यात्रा संभव हो। इससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई। लखनऊ से गोंडा की सामान्य तीन घंटे की दूरी चार से साढ़े चार घंटे में पूरी हुई।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ठंड और कोहरे के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है, जिसमें गोंडा भी शामिल है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे और ठंड बढ़ने की चेतावनी दी है।