February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

चमोली: स्कूल में घुसा भालू, कक्षा 6 के छात्र को पंजे में दबाकर जंगल की ओर ले गया; शिक्षकों-बच्चों की बहादुरी से बची जान

चमोली, 22 दिसंबर 2025

उत्तराखंड के चमोली जिले के पोखरी विकासखंड में भालू का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर के परिसर में अचानक भालू घुस आया। कक्षा 6 में पढ़ रहे छात्र आरव को भालू ने पंजे में दबाकर उठा लिया और झाड़ियों की ओर ले जाने लगा। यह देखकर स्कूल में अफरातफरी मच गई। अन्य बच्चे दहशत में कमरों में छिप गए, जबकि भालू ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश भी की।

गनीमत रही कि शिक्षकों और कुछ बहादुर बच्चों ने तुरंत हिम्मत दिखाई। शोर मचाते हुए वे भालू के पीछे दौड़े। कक्षा 8 की एक छात्रा दिव्या ने भी भालू का पीछा किया। शोरगुल से घबराकर भालू ने आरव को झाड़ियों में छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग निकला। शिक्षकों और बच्चों ने झाड़ियों से आरव को सुरक्षित निकाला। उसे नाखूनों से मामूली चोटें आईं, जिनका इलाज कराया गया।

स्कूल के शिक्षक उपेंद्र सती ने बताया कि भालू के डर से स्कूल की टाइमिंग 10 बजे की थी, लेकिन बच्चे साढ़े 9 बजे ही आ गए थे और क्लास में बैठे थे। तभी यह घटना हुई। कुछ रिपोर्ट्स में दो भालू होने की बात कही गई है।

सांकेतिक फोटो

यह कोई पहली घटना नहीं है। इसी स्कूल के एक छात्र पर दो दिन पहले रास्ते में भालू ने हमला किया था, जिसमें उसे पैर में चोट आई थी। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से भालू की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे स्कूली बच्चों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

क्षेत्र में भालू का बढ़ता आतंक चमोली सहित उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में हिमालयन ब्लैक बेयर के हमले बढ़े हैं। कम बर्फबारी और जंगल में भोजन की कमी को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में बच्चे स्कूल जाते समय शोर मचाकर या समूह में चलकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ जगहों पर वन विभाग ने प्रहरियों की टीम तैनात की है जो बच्चों को स्कूल छोड़ने और महिलाओं को जंगल जाने में साथ दे रहे हैं।

वन विभाग ने भालू संभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए हैं और गश्त बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए लंबे समय के उपाय जरूरी हैं।