मेरठ, 23 दिसंबर 2025:
दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलने वाली नमो भारत (आरआरटीएस) ट्रेन में आपत्तिजनक हरकत करने वाले छात्र और छात्रा की पहचान हो गई है। दोनों अलग-अलग शिक्षण संस्थाओं में पढ़ते हैं। छात्रा दुहाई क्षेत्र और छात्र राजनगर एक्सटेंशन स्थित संस्था से जुड़े हैं। छात्रा की ड्रेस पर संस्था का लोगो और गले में आईडी कार्ड से पहचान आसान हो गई।
वीडियो वायरल होने के बाद दोनों शिक्षण संस्थाओं ने छात्र-छात्रा को नोटिस जारी कर दिया है। संस्थाओं में उन्हें कॉलेज से निष्कासित करने की प्रक्रिया पर विचार चल रहा है। मेरठ और गाजियाबाद पुलिस ने समन्वय कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीमों ने संस्थाओं में जाकर प्रबंधन से पूछताछ की और नाम-पते की डिटेल लीं। दोनों की कार्रवाई के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।
दोनों फरार, मोबाइल बंद
वीडियो वायरल होने के बाद से दोनों छात्र-छात्रा शिक्षण संस्था नहीं आ रहे हैं। उनके मोबाइल नंबर भी बंद हैं। पुलिस ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। संस्थाओं का प्रबंधन इस मामले में खुलकर बोलने से बच रहा है।
वीडियो वायरल करने वाले कर्मचारी बर्खास्त
उधर, सीसीटीवी फुटेज वायरल करने के आरोप में नमो भारत ट्रेन के एक कर्मचारी को निष्कासित कर दिया गया है। आरोप है कि उसने उच्चाधिकारियों को सूचना देने की बजाय वीडियो लीक कर दिया। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।
24 नवंबर की घटना, दुहाई से सवार हुए थे दोनों
घटना 24 नवंबर की है, जो पांच दिन पहले वायरल हुई। दोनों दुहाई स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे। दुहाई से मेरठ साउथ तक करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक कोच में आपत्तिजनक हरकत की गई। इस दौरान ट्रेन कर्मचारी या अन्य यात्री ने नहीं रोका। कोच में यात्रियों की संख्या कम थी, जिसका फायदा उठाया गया। यह घटना ट्रेन की सुरक्षा और केंद्रीय बलों की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
पुलिस और एनसीआरटीसी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। सार्वजनिक परिवहन में ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

More Stories
चिमनी की ऊंचाई, प्लेटफॉर्म बढ़ाने और डिजाइन पर फिर से होगा मंथन; मुंबई में बैठक
काशी में 5340 लड़कियों ने सीखे आत्मरक्षा के गुर, ‘हिंसा’ पर बनाई पेंटिंग; प्रशिक्षण
हर घर जल पर बजट का ग्रहण, अधर में लटकीं परियोजनाएं