February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

वाराणसी क्राइम: ब्लॉक प्रमुख के बेटे ने फॉर्च्यूनर से छात्र की बाइक 700 मीटर तक घसीटी, उग्र भीड़ ने युवक को पीटा, पुलिस ने बचाया

 वाराणसी

सारांश कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार में शनिवार शाम ब्लॉक प्रमुख के बेटे ने फॉर्च्यूनर कार से यूपी कॉलेज के छात्र की बाइक में टक्कर मारने के बाद उसे 700 मीटर तक घसीट लिया। घटना से गुस्साए छात्रों और राहगीरों ने फॉर्च्यूनर पर पथराव किया और चालक को पीटने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को भीड़ से छुड़ाया। दोनों वाहनों को सीज कर थाने लाया गया। दोनों पक्षों के परिजनों ने सुलह कर ली।

विस्तार वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार शाम करीब 4 बजे एक सनसनीखेज घटना हुई। यूपी कॉलेज गेट के सामने चौबेपुर के छितौनी निवासी छात्र आशुतोष सिंह अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक से जा रहे थे, तभी चंंदौली के धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह खलनायक के बेटे की फॉर्च्यूनर कार (जो उनकी पत्नी मीरा सिंह के नाम पर रजिस्टर्ड है) ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्साए फॉर्च्यूनर चालक ने बाइक को कार के आगे फंसाकर महावीर मंदिर से अर्दली बाजार पुलिस चौकी तक करीब 700 मीटर तक घसीट लिया। इस दौरान बाइक कार के नीचे दब गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना देखकर यूपी कॉलेज के छात्रों और राहगीरों में आक्रोश भड़क गया। भीड़ ने फॉर्च्यूनर पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। लोग फॉर्च्यूनर सवार युवक को बाहर निकालकर पीटने लगे। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को भीड़ के गुस्से से बचाया।

यातायात बाधित होने से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर फॉर्च्यूनर और बाइक को कैंट थाने भेज दिया। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष छात्र हैं और किसी को चोट नहीं लगी थी, इसलिए परिजनों की मौजूदगी में सुलह हो गई। फिलहाल दोनों वाहन थाने पर सीज हैं।

गो-तस्करी पर सख्ती का निर्देश इसके अलावा चौबेपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे एडिशनल सीपी (अपराध) राजेश कुमार सिंह ने गो-तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। रिंग रोड के बभनपुरा पुल पर गो-तस्करी में इस्तेमाल वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में तीन गोवंश की मौत और दो के घायल होने का मामला सामने आया था। जांच में लापरवाही पाए जाने पर चौबेपुर थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया। एडिशनल सीपी ने रिंग रोड पर बभनपुरा पुल तक पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश दिए।