February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

नीट छात्र दीपक हत्याकांड: कुख्यात पशु तस्कर जवाहिर यादव व उसके 11 गुर्गों पर लगा गैंगस्टर एक्ट, जिले में कुल 28 बदमाशों पर कार्रवाई

गोरखपुर

सारांश गोरखपुर पुलिस ने संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नीट छात्र दीपक गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुख्यात पशु तस्कर जवाहिर यादव और उसके 11 गुर्गों पर खोराबार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिले के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय अन्य गिरोहों पर भी एक साथ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 28 बदमाश प्रभावित हुए हैं। पुलिस ने संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

विस्तार पिपराइच थाना क्षेत्र में 15 सितंबर 2025 की रात नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता का पशु तस्करों ने अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी थी। इस जघन्य घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश पैदा कर दिया था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के पीछे लंबे समय से सक्रिय पशु तस्करी का संगठित गिरोह था, जिसका सरगना कुशीनगर निवासी कुख्यात जवाहिर यादव है।

घटना के बाद पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की पहचान कर एक-एक कर गिरफ्तारियां कीं। मुख्य आरोपी जवाहिर यादव को बिहार में छिपे होने की सूचना पर मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ पहले से 29 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, फिर भी यह उसकी पहली गिरफ्तारी थी। वर्तमान में वह जेल में बंद है, लेकिन पुलिस ने उसके पूरे नेटवर्क पर सख्ती दिखाते हुए गैंगस्टर एक्ट लगाया है।

खोराबार थाने में दर्ज मामले में जवाहिर यादव के साथ उसके सक्रिय गुर्गों – कमलेश गौड़, बृजभूषण सिंह उर्फ मोनू बाबा, आनंद कुमार उर्फ मोहन, आशुतोष, राज निषाद उर्फ राजकुमार, संदीप सिंह, शुभम चौहान, अंकित गौर, गोविंद कुमार, विकास मिश्रा और अमित चौहान को नामजद किया गया है। थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि सभी आरोपी पशु तस्करी, धमकी देने और हिंसक घटनाओं सहित संगठित अपराधों में लिप्त रहे हैं।

अन्य गिरोहों पर भी कार्रवाई

  • तिवारीपुर थाना क्षेत्र: पशु तस्करी के एक अन्य गिरोह के सरगना सोनू उर्फ शाहिद आलम (तुर्कपट्टी निवासी), शाहिद उर्फ शाहिब, विशाल निषाद (हरसेकपुर), जुल्फिकार, आलम, आमिर अली, शाहिल और सलमान पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया।
  • रामगढ़ताल थाना क्षेत्र: नकबजनी और लूट करने वाले गिरोह के सागर गौड़ (मौलवी चौक, बड़गो निवासी), जितेंद्र निषाद (पथरा) और करन कन्नौजिया पर कार्रवाई। सरगना सागर गौड़ पर अकेले 29 मुकदमे दर्ज हैं।
  • गुलरिहा थाना क्षेत्र: चोरी के गिरोह के श्यामसुंदर गौड़ और विकास चौहान (मेहरिपुर निवासी) पर गैंगस्टर एक्ट।
  • राजघाट थाना क्षेत्र: कूटरचित दस्तावेज से जालसाजी करने वाले गिरोह के सरगना प्रवीण कुमार जायसवाल (मेंहदावल, संतकबीरनगर), सतीश चंद्र सिंह, प्रणय श्रीवास्तव, पवन कुमार और विनोद पांडेय पर कार्रवाई। इसके अलावा बड़गो निवासी विनोद कुमार यादव की हिस्ट्रीशीट खोली गई।

एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई के बाद आरोपियों की अवैध संपत्तियों की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही कुर्की की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिले में संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।