February 8, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

पशु तस्करी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़, एक को लगी गोली; साथी संग गिरफ्तार

cow smuggler injured in police encounter and arrested along with his accomplice in azamgarh

आजमगढ़ जिले के थाना जहानागंज क्षेत्र में शनिवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक कुख्यात गो-तस्कर घायल हो गया। जबकि उसका एक साथी भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा-कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा एक गोवंश (बछड़ा) बरामद किया है।

क्या है पूरा मामला
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में शनिवार की देर रात थाना जहानागंज पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गंभीरवन (बड़ैला ताल) के पास एक पिकअप वाहन में संरक्षित गोवंश लादा जा रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी की गई। स्वयं को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा बार-बार आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग का प्रयास जारी रखा।
पुलिस की कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली
आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। जबकि दूसरा अभियुक्त मौके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व घायल अभियुक्तों की पहचान मोहीम अहमद निवासी कोटिला (कंकाली टोला), थाना रानी की सराय और सुनील कुमार निवासी जलाईपुर ऊंचेगांव, थाना रानी की सराय के रूप में हुई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। तलाशी में अभियुक्तों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, एक पिकअप वाहन और उस पर लदा एक बछड़ा बरामद हुआ। 

पुलिस की पूछताछ में सामने आई हैरान करने वाली बात

एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ के दौरान घायल अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सुनियोजित ढंग से गोवध एवं गौ-तस्करी करता था। अभियुक्त देर रात सुनसान क्षेत्रों में घूम रहे गोवंश को पकड़कर निर्जन स्थानों पर वध करते थे तथा मांस को ऊंचे दामों पर बेचते थे। साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेषों को नदी, नालों में फेंकने या जमीन में गाड़ने की बात भी सामने आई है। कई मामलों में गोवंश को अन्य प्रांतों, विशेषकर बिहार ले जाकर अवैध बिक्री की जाती थी। दोनों अभियुक्तों पर जहानागंज में कई मामले दर्ज हैं। मुठभेड़ में घायल मोहीम अहमद के विरुद्ध गोवध, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता सहित कुल 8 संगीन आपराधिक प्राथमिकी पूर्व से दर्ज हैं।