February 19, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

मामूली विवाद में युवक पर ईंट से हमला, इलाज के दौरान मौत- खजनी थाने पर प्रदर्शन

A youth was attacked with a brick in a minor dispute in Khajni, Gorakhpur, and died during treatment.
 खजनी थाना क्षेत्र डोडो चौराहे के पास स्थित ईंट-भट्ठे पर युवक ने साथियों के साथ बस्ती के कप्तानगंज राजाजोत कला निवासी नियाज (43) पर ईंट से हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। नियाज को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। निजाय ईंट भट्ठे पर श्रमिक था।

घटना से आक्रोशित परिजन और सैकड़ों श्रमिक मंगलवार को शव एंबुलेंस से लेकर खजनी थाने पहुंच गए। थाने के बाहर शव रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने सभी को समझाकर शांत कराया। मामले में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी आकाश निषाद को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीते शुक्रवार 13 फरवरी 2026 की है। खजनी के डोडो चौराहे के पास शाहिदाबाद मार्ग स्थित एक ईंट भट्ठे पर नियाज (43) और स्थानीय युवक आकाश निषाद के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि आकाश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर नियाज पर ईंटों से हमला कर दिया।
हमले में नियाज के सिर, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। साथी मजदूरों ने तत्काल नियाज के मूल जनपद बस्ती ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार 17 फरवरी की सुबह डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में नियाज ने दम तोड़ दिया।
खजनी थाने पर शव लेकर पहुंचे और किया प्रदर्शन
मंगलवार को नियाज का शव गांव पहुंचा तो आसपास के कई ईंट भट्ठों पर काम करने वाले सैकड़ों श्रमिक एकत्रित हो गए। सभी लोग शव को एंबुलेंस से लेकर खजनी थाने पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ समय के लिए थाने पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

हत्या समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने मामले में मृतक के भाई फिरोज की तहरीर पर आकाश निषाद व अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, गाली गलौज, मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। मुख्य आरोपी आकाश को गिरफ्तार भी कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

मुख्य आरोपी आकाश निषाद को हिरासत में ले लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी:  दिनेश कुमार पुरी, एसपी साउथ