February 18, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

युवती से दुष्कर्म मामले में आरोपी टीटीई निलंबित, 10 हजार का इनाम; तलाश में छापेमारी

TTE suspended in Gorakhpur-Ahmedabad Express case of brutality, reward of Rs 10,000 announced.
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी कोच में युवती से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को रेलवे प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्रा ने आरोपी के खिलाफ 10 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। जीआरपी की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

आरोपी राहुल कुमार मूलरूप से बिहार के पटना का रहने वाला है और घटना के बाद से लापता है। मूलरूप से मऊ जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती गोरखपुर में किराए पर कमरा लेकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। रविवार को वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर लौट रही थी।
बलिया स्टेशन पर हड़बड़ी में टिकट न ले पाने के कारण वह ट्रेन में सवार हो गई। आरोप है कि टीटीई ने बिना टिकट की कार्रवाई का डर दिखाते हुए पहले सीट दिलाने का भरोसा दिया और फिर एसी प्रथम श्रेणी कोच के केबिन में ले जाकर इंदारा और देवरिया के बीच चलती ट्रेन में दुष्कर्म की कोशिश की।
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने कार्रवाई की धमकी दी। किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर उसने 112 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद राहुल कुमार देवरिया में ट्रेन से उतरकर भाग निकला।
गोरखपुर पहुंचने पर युवती ने इसकी शिकायत जीआरपी थाने में की। मामले में युवती की तहरीर पर आरोपी टीटीई के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर देर रात विवेचना देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया।उधर, घटना का संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने आरोपी टीटीई को निलंबित कर दिया है। जीआरपी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें पटना और अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
बोले एसपी रेलवे
एसपी रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र ने कहा कि आरोपी की तलाश में जीआरपी स्थानीय पुलिस के साथ दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित का मेडिकल व बयान देवरिया में होगा। परिवार के लोग भी पहुंच गए हैं