February 20, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

अवैध निर्माण गिराने पहुंची एलडीए टीम पर पथराव

LDA team that arrived to demolish illegal construction was pelted with stones
लखनऊ। मोहनलालगंज के पूरनपुर गांव में बुधवार को निर्माणाधीन अवैध काॅम्प्लेक्स के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची एलडीए की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई से आक्रोशित लोगों ने टीम पर पथराव कर दिया। इसमें जेसीबी के ड्राइवर के पैर व सिर में चोट आई है। इस मामले में एलडीए के जेई की ओर से दी गई तहरीर पर देर रात एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

एलडीए सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहनलालगंज के ग्राम-पूरनपुर में नगराम रोड पर राजपाल नाम का व्यक्ति 2,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल के भूखंड पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बना रहा था। इसका मानचित्र पास नहीं कराया गया था। इस पर विहित प्राधिकारी ने ध्वस्तीकरण का आदेश दिया था। इसके अनुपालन में बुधवार को अवैध निर्माण तोड़ने के लिए प्रवर्तन जोन-दो के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता सत्येंद्र सोलंकी, अवर अभियंता विभोर श्रीवास्तव और विवेक यादव मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू ही की थी कि काफी संख्या में स्थानीय लोग वहां जमा हो गए और टीम का विरोध करने लगे। इस दौरान हमलावरों ने प्रवर्तन टीम के साथ हाथापाई व मारपीट की और विभागीय फाइल छीनकर नष्ट करने का प्रयास किया। हमलावरों ने जेसीबी मशीन व सरकारी वाहनों पर पथराव कर दिया। इससे वाहनों के क्षतिग्रस्त होने के साथ जेसीबी का ड्राइवर चोटिल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर प्रवर्तन जोन-सात के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार व प्रवर्तन जोन-एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी को टीम के साथ मौके पर भेजा गया। इसके बाद स्थल पर ध्वस्तीरकण की कार्रवाई की गई।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश पर अवर अभियंता विवेक यादव ने मोहनलालगंज थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राजपाल और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई है।