February 24, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

दरोगा और सिपाही ने वायुसैनिक को जडे़ थप्पड़, कान का पर्दा फटा, पीड़ित की मां ने डीसीपी से लगाई गुहार

Kanpur: sub-inspector and a constable slapped an airman, rupturing his eardrum
घाटमपुर में शादी समारोह से लौट रहे वायुसैनिक को दरोगा और सिपाही ने पूछताछ के लिए रोका। आरोप है कि विरोध पर दरोगा और पुलिसकर्मियों ने उनसे अभद्रता की। उन्होंने मोबाइल से इसका वीडियो बनाया तो वह भड़क गए। मोबाइल लॉक खोलने का दबाव बनाते हुए घाटमपुर थाने ले जाकर अभद्रता की और थप्पड़ मारे। इससे उनके कान का पर्दा फट गया। सुबह शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई कर चालान पर रिहा कर दिया। वायुसैनिक की मां ने शनिवार को डीसीपी साउथ से मदद की गुहार लगाई है।

घाटमपुर निवासी नितीश सचान वायुसेना में कार्पुरल हैं और गुजरात के जामनगर में तैनात हैं। परिवार में शादी समारोह होने पर वह उसमें शामिल होने आए थे। नितीश ने बताया कि 19 फरवरी को इलाके के एक गेस्ट हाउस में शादी समारोह से पैदल घर जा रहे थे। साथ के लोग पार्किंग से गाड़ी निकाल कर पीछे आने वाले थे। तभी एक नर्सिंग होम के सामने सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह बुंदेला और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार थाने की बोलेरो कार से आए और उन्हें रोककर पूछताछ करने लगे।

उन्होंने परिचय देते हुए समारोह से घर लौटने की बात कही। इस बीच पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के बहाने उनसे अभद्रता की, विरोध करते हुए उन्होंने वीडियो बना लिया। इस पर दरोगा ने चौकी प्रभारी समेत दो और दरोगा को मौके पर बुला लिया। सभी ने उससे मोबाइल का लॉक खोलने का दबाव बनाया। आरोप है कि बात न मानने पर उन्हें जबरन बोलेरो में बैठाकर थाने ले जाया गया। जहां उन्हें जमकर पीटा गया। बात न मानने पर उन्हें लात-घूंसे, डंडे से पीटा गया। सुबह परिजन के थाने आने पर शांति भंग में चालान कर उन्हें छोड़ दिया गया। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पीड़ित की मां ने मामले की जानकारी दी है। एडीसीपी साउथ को पूरे प्रकरण की जांच करने को कहा गया है। जांच रिपोर्ट में पुलिस कर्मी दोषी मिलने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।