February 26, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सीसीटीवी में हुआ कैद, परीक्षा निरस्त, वन विभाग की टीम कर रही है तलाश

Leopard enters Ghaziabad school, captured on CCTV
एनडीआरएफ रोड स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में बुधवार की सुबह करीब छह बजे तेंदुआ घुस आया। तेंदुआ ने स्कूल की कक्षाओं में घुसने का प्रयास किया लेकिन दरवाजे बंद होने पर असफल रहा। तेंदुए ने स्कूल के मैदान में करीब दो मिनट तक चहलकदमी की।

एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि एनडीआरएफ रोड पर तेंदुआ मंगलवार की रात भी सीसीटीवी में कैद हुआ है। सुबह छह बजे ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में घुस आया और कुछ देर बाद दीवार फांदकर भाग गया। सुरक्षाकर्मी ने तेंदुआ को स्कूल में देख लिया और स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। जिसके बाद बुधवार को आयोजित कक्षा 11वीं की परीक्षा निरस्त कर दी गई और अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को स्कूल न भेजने की अपील की गई। ऐसे में बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्कूल के तमाम दरवाजे बंद कर दिए गए हैं। स्कूल में तेंदुआ की सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों पर जाल लगाया। सूचना पर एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एनडीआरएफ रोड पर बेरिकेटिंग लगाकर रूट डायवर्ट कराया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल लगाया है। पुलिस मौके पर तैनात है।

विद्यालय के मैदान में फूलों के पौधों के बीच छुपा है तेंदुआ 
वन कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआ फूलों के पौधों के बीच मैदान में छुपा है। डीएफओ ईशा तिवारी और एसडीएफओ विद्यालय के अंदर पहुंच चुके हैं। वन कर्मचारी ने बताया कि विद्यालय के भीतर ही तेंदुआ है। चाहरदिवारी पर जाल लगा दिया गया है। इस समय तेंदुआ मैदान में फूलों के पौधों के बीच बैठा है। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।