
गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र में बुधवार को कुआनो नदी से युवक और गीडा क्षेत्र में राप्ती नदी में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने छानबीन के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवायाबेलघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर माफी गांव के सामने बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुआनो नदी में एक शव उतराता देखा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान उरुवा के दुघरा गांव निवासी चुन्नीलाल के बेटे अमरजीत के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कर पुष्टि की। थानाध्यक्ष विकास नाथ ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला कि अमरजीत दो दिन से लापता था। मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।
इधर, गीडा थाना के कालेसर मोक्षधाम के पास बुधवार दोपहर राप्ती नदी किनारे शव देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पहचान कराने की कोशिश की। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने बताया कि 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव पर टी-शर्ट, पैंट और बनियान है। आसपास के थानों में फोटो भेजकर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।