February 27, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

बाइक में सीएनजी लदे ट्रक ने मारी टक्कर, युवक की मौत

A CNG-laden truck collided with a bike, killing the youth.
सरायलखंसी थाना क्षेत्र स्थित कचहरी मोड़ बुनकर कॉलोनी के सामने सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे सीएनजी लदे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में गाजीपुर के मरदह थाना के पीपनार गांव निवासी अंकित सिंह (22)की मौत हो गई और प्रिया गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।
घायल प्रिया का दाहिना पैर फैक्चर हो गया। जिसका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। मृतक के चचेरे भाई अनीश सिंह ने बताया कि अंकित मऊ के बुनकर कालोनी में किराए के मकान में रहता था।

यही पर कांट्रेक्ट पर एंबुलेंस चलवाता था। देर रात अपने गांव पीपनार से निमंत्रण से वापस मऊ आ रहा था। परदहां मिल रोड के पास सवारी के इंतजार में खड़ी प्रिया गुप्ता ने उससे लिफ्ट लिया और वह भी बाइक पर सवार हो गई।

उसे गाजीपुर तिराहा तक आना था। अभी दोनों वहां से करीब 200 मीटर दूर कचहरी मोड़ के पास आए थे कि पीछे से आ रहे सीएनजी लदे ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सीएनजी लदा ट्रक मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच के दौरान चिकित्सक ने अंकित को मृत घाेषित कर दिया।

अंकित पिता प्रमोद सिंह और माता बेबी की सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के परिजन की तरफ से तहरीर मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।