
यूपी के बहराइच में रविवार की आधी रात करीब 1:30 बजे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। संपत्ति के मामले को लेकर शुरू हुई कहासुनी में बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला करके माता-पिता, दादी और बहन को मौत के घाट उतार दिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बड़े भाई ने विरोध किया तो उस पर भी छोटे भाई ने हमला कर कर दिया। इससे वह भी घायल हो गया। संघर्ष में हमलावर भाई भी घायल हुआ है।
वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल गुरुदेव (33) तथा निरंकार (27) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। निरंकार की हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर किया गया है
मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है
तड़के पहर ही थाना प्रभारी आरएस रावत, क्षेत्राधिकारी पहुप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी तथा पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हर पहलू पर जांच की जा रही है।
वहीं, फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। घर के भीतर खून के निशान और टूटी-फूटी वस्तुएं बिखरी मिली हैं। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी घर के बाहर से बरामद की गई है। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है
बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता था
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार में पिछले कुछ समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, पुलिस ने किसी भी अटकल से बचने की अपील करते हुए कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
इस जघन्य घटना से पूरा रामनगर गांव स्तब्ध है। चार लोगों की एक साथ हुई हत्या ने इलाके को सन्न कर दिया है। हर आंख नम दिखाई दे रही है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

More Stories
युवकों को देहरादून से सऊदी अरब भेजा, काम कराया और वेतन भी नहीं दिया
प्रदेश में पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बनेगी नीति, उत्पादकों को मिलेंगे अच्छे दाम
होटल में महिला का यौन शोषण, ऑटो और कार चालक के अलावा मैनेजर को किया गया गिरफ्तार