
खुद को शासन स्तर का एक अधिकारी बताकर सिकरीगंज स्थित न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल के संचालक राजेश राय से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शनिवार को संचालक के मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कई बार व्हाट्सएप कॉल आई
कॉल करने वाले ने खुद को एक बड़ा अधिकारी बताते हुए 15 लाख रुपये की मांग की और सीएमओ कार्यालय परिसर में बुलाया। हालांकि, संचालक ने इसकी पुलिस से शिकायत नहीं की है। न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद संक्रमण फैलने से कई मरीजों की आंखें निकालनी पड़ीं थीं।
मामले की जांच मजिस्ट्रेट और सीएमओ स्तर से की गई थी। 28 फरवरी को जांच पूरी होने के बाद अस्पताल का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया और सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। इसी कार्रवाई का हवाला देकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने खुद को शासन स्तर का बड़ा अफसर बताकर रुपये मांगे।
हालांकि, इस संबंध में संचालक ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। संचालक राजेश राय ने रुपये मांगने की बात स्वीकार की और कहा कि सोमवार को शिकायत करेंगे।
वहीं, सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि अस्पताल संचालक से रुपये मांगने की जानकारी नहीं है। लेकिन हमारे कार्यालय के नाम पर पैसे मांगने वाले के खिलाफ कैंट थाने में तहरीर दी गई है और उच्च अधिकारियों को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है।