March 3, 2026

TNC Live TV

No.1 News Channel Of UP

सीएम बोले- जिम की जांच करें, महिलाओं के लिए महिला जिम ट्रेनर ही रहें; अवैध काम छोड़ दें पुलिसकर्मी

Chief Minister Yogi Adityanath said Inspect gyms only female gym trainers should be there for women

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था की बैठक के दौरान पुलिस से कहा कि सभी जिम की जांच कराएं। सुनिश्चित करें कि सभी जिम में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था हो। दरअसल, मिर्जापुर में जिम के जरिये धर्म परिवर्तन का मामला आया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध गतिविधियों में लिप्त पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। सड़क सुरक्षा की नियमित बैठकें करें और ज्यादा से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम कराएं। उन्होंने जनपद में होली, आगामी पर्वों के दृष्टिगत चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम ने कहा, तीव्र आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न हो, सड़कों को अतिक्रमण कर वाहन पार्क न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्कूली बच्चों में जागरूकता लाए जाने के उद्देश्य से उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दिए जाने को कहा।

शराब की अवैध बिक्री किसी भी हाल में न हो : मुख्यमंत्री ने कहा कि जहरीली और शराब की अवैध बिक्री कतई न होने पाए इसे सुनिश्चित किया जाए। शराब के अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखें। लंबित राजस्व वादों का निस्तारण गुणवत्ता पूर्ण और समय सीमा के अंदर सुनिश्चित किया जाए।

अविवादित वरासत से जुड़े लंबित वादों का अविलंब निस्तारण किया जाए। अधिकारी नियमित जनसुनवाई करें और मेरिट के आधार पर समुचित समाधान सुनिश्चित कराए। जिले एवं कमिश्नरी स्तर पर व्यापार एवं उद्योग बंधु तथा बैंकों की नियमित बैठकें कराई जाए व उसमें प्राप्त शिकायतों का निस्तारण किया जाए।

अफसरों ने बताए कामकाज : मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री के समक्ष भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में प्रेजेंटेशन भी दिया गया। इससे पहले डीएम सत्येंद्र कुमार ने निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कानून व्यवस्था, गो तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, साइबर अपराध समेत यातायात व्यवस्था की जानकारी मुख्यमंत्री को दी है। एडीजी जोन पियूष मोर्डिया ने जोन की कानून व्यवस्था, साइबर अपराधों के खिलाफ कार्रवाई, मिशन शक्ति समेत आगामी 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा के बारे में जानकारी दी है।

बैठक में ये रहे मौजूद : बैठक में  स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, धर्मेंद्र राय, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, डीआईजी वैभव कृष्णा, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, सीडीओ प्रखर सिंह, डीएफओ स्वाति सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

सीएम ने सिगरा फल मंडी रोड के कायाकल्प को परखा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सिगरा स्थित फल मंडी रोड का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के तहत चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों की जमीनी हकीकत देखने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।